Showing posts with label मेरी कविताएं. Show all posts
Showing posts with label मेरी कविताएं. Show all posts

12 January, 2026

चूल्हा | कविता | डॉ (सुश्री) शरद सिंह

भूख, गरीबी का किस्सा है, छै ईंटों का चूल्हा।
बेघर जीवन का हिस्सा है, छै ईंटों का चूल्हा।
- डॉ (सुश्री) शरद सिंह

Photo by #DrMissSharadSingh 

#डॉसुश्रीशरदसिंह #poetry #poem #literature #chulha #किस्सा  #ChulhaCooking #भूख #गरीबी 
#बेघर #जीवन #हिस्सा #ईंटों 
#मेरीकविता

04 April, 2023

कविता | अनुगूंज - डॉ (सुश्री) शरद सिंह

कविता 
अनुगूंज 
- डॉ (सुश्री) शरद सिंह

उदासी की बूंदें
टपक रही
टप-टप
मन की 
रिक्त बाल्टी में...
बूंदें छोटी 
पर 
अनुगूंज बहुत बड़ी...
कब भरेगी बाल्टी
कब थमेगी ध्वनि
पता नहीं
जीवन के दिवस में
रात का साया
कुछ ज़्यादा ही 
गहराया...
--------------
#poetry #poetrylovers  #poetryloving  #mypoetry  #डॉसुश्रीशरदसिंह #काव्य #कविता #World_Of_Emotions_By_Sharad_Singh  #DrMissSharadSingh  #poetrycommunity  #उदासी #अनुगूंज #रात #जीवन

10 July, 2018

रातों की नब्ज़ पर - डॉ शरद सिंह

Poetry of Dr (Miss) Sharad Singh

 रातों की नब्ज़ पर
--------------------
रातों की नब्ज़ पर
ख़्वाबों की उंगलियां
कुछ दुखतीं
कुछ रिसतीं
कुछ हंसत़ी-मुस्कातीं

यादों की करवटें....
- डॉ शरद सिंह


#शरदसिंह #मेरीकविता #SharadSingh #Poetry #MyPoetry #World_Of_Emotions_By_Sharad_Singh #यादों_की_करवटें #नब्ज़
#ख़्वाबों_की_उंगलियां

12 June, 2018

Life ... Poetry of Dr (Miss) Sharad Singh


Poetry of Dr (Miss) Sharad Singh
ज़िन्दगी
---------
ज़िन्दगी है एक तुड़े-मुड़े कागज़ की तरह
किन्तु उसे
न तो फेंका जा सकता है
न तो सीधा किया जा सकता है
सिर्फ़़ देखी जा सकती हैं
परस्पर काटती लकीरें
बहुत
बहुत
बहुत सी लकीरें विचारों की तरह
विचार प्यार, जीवन और पाने के अधिकार के।
- डॉ शरद सिंह

Life
------
Life is like crumpled paper
But …
Nobody can throw it
Nobody can plain it
Only see the across lines
More...
More...
More lines of thoughts
Thoughts of Love, Life and Lien ...
- Dr Sharad Singh


#SharadSingh #Poetry #MyPoetry #World_Of_Emotions_By_Sharad_Singh
#मेरीकविताए_शरदसिंह

06 April, 2018

तेरा का पहाड़ा ... डॉ शरद सिंह

Poetry of Dr (Miss) Sharad Singh
 तेरा का पहाड़ा
---------------
बड़ा कठिन रहा है
मेरे लिए
तेरा (तेरह) का पहाड़ा
तेरा दूने होते ही
दोनों अंकों के चेहरे
हो जाते हैं परस्पर विपरीत
जैसे असहनीय हो
एक-दूसरे को देखना
तेरा तिया होते ही
बनना पड़ता है पिछल्लगू
एक को दूसरे का
बस,
आता है एक पल
सम्मुखता का
तेरा पंचे पैंसठ में
मगर फिर वही विलगाव
सचमुच बड़ा कठिन है
मेरे लिए
पढ़ना और याद रखना
तेरा का पहाड़ा।

04 April, 2018

गर्मियों की छुट्टियां ... डॉ शरद सिंह

Poetry of Dr (Miss) Sharad Singh
गर्मियों की छुट्टियां
-------------------
दोपहर
तपती, झुलसती
डोलती है
गर्म सांसें छोड़ती
कुछ बोलती है
खोलती है याद की
गठरी पुरानी
है बंधा जिसमें
विहंसता बालपन
बंद कमरों में
था गुज़रता ग्रीष्म-दिन
और कटता था जो
उपन्यासों के संग
वह युवापन।

अब न वैसी छुट्टियां
न ही वैसी फ़ुरसतें
है अगर कुछ तो -
तपती गर्मियां हैं
याद की गठरी उठाए पीठ पर!
- डॉ शरद सिंह

17 March, 2018

मुझे नहीं .. डॉ शरद सिंह



Poetry of Dr (Miss) Sharad Singh
मुझे नहीं
---------
रात अपनी मरमरी आवाज़ में
कुछ कहती है
एक नाम लेती रहती है
नाम?
श्श..श्श..श्श...

रात को छूट है
मुझे नहीं
नाम तुम्हारा लेने की...
- डॉ शरद सिंह

17 February, 2018

रात एक प्रतीक्षा ... डॉ शरद सिंह

Poetry of Dr (Miss) Sharad Singh
रात एक प्रतीक्षा
----------------
किसी सूने स्टेशन के
प्लेटफार्म में बैठे हुए
प्रतीक्षा करना
विलम्ब से चल रही ट्रेन का
या फिर जाड़े की लम्बी रात में
स्वेटर के फंदों-सा
यादों को बुनना
और दे लेना खुद को तसल्ली
कि रात एक प्रतीक्षा ही तो है
नींद से जागने वाली सुबह की
और ट्रेन लेट ही सही, पर आएगी ही!
रूठना भूल कर लौटे हुए प्रिय की तरह ...

- डॉ शरद सिंह

15 February, 2018

उसकी यादों के मकां में ... डॉ शरद सिंह

Shayari of Dr (Miss) Sharad Singh
उसकी  यादों के  मकां में  है   बसेरा अब तो
कुछ तो ऐसा हो कि हो जाए वो मेरा अब तो
- डॉ शरद सिंह


30 January, 2018

कठिन लगता है ... डॉ शरद सिंह

Shayari of Dr (Miss) Sharad Singh

किसी को छोड़ कर आना
किसी से भी न जुड़ पाना
कठिन लगता है अकसर
इस तरह का दौर सह पाना
- डॉ शरद सिंह


25 January, 2018

वज़ह बताना मुश्क़िल है ...... डॉ शरद सिंह

Shayari of Dr (Miss) Sharad Singh
चार क़िताबें पढ़ कर दुनिया को पढ़ पाना मुश्क़िल है।
हर अनजाने को आगे बढ़, गले लगाना मुश्क़िल है।
सबको रुतबे से मतलब है, मतलब है पोजीशन से
ऐसे लोगों से, या रब्बा! साथ निभाना मुश्क़िल है।
शाम ढली तो मेरी आंखों से आंसू की धार बही
अच्छा है, कोई न पूछे, वज़ह बताना
मुश्क़िल है।
- डॉ. शरद सिंह
(‘मेरे ग़ज़ल संग्रह ‘‘पतझड़ में भीग रही लड़की’’ से)

22 January, 2018

वसंत एक फूल ... डॉ शरद सिंह

Poetry of Dr (Miss) Sharad Singh
वसंत पंचमी की हार्दिक शुभकामनाएं !
Happy Vasant Panchami !!!

वसंत एक फूल
---------------
गुज़रते वसंतों से
एक वसंत चुन कर
टांक लिया है मैंने
यादों के लहराते
बालों में फूल की तरह
अब हर वसंत में
खिल उठता है
वही फूल
*प्लेटोनिक प्रेम की तरह।
- डॉ. शरद सिंह


21 January, 2018

ज़िन्दगी उसी समय... डॉ शरद सिंह

Poetry of Dr (Miss) Sharad Singh
ज़िन्दगी उसी समय...
----------------------
ख़यालों के प्याले से
यादों की
कुछ मीठी चुस्कियां
ठीक वैसे ही
जैसे कोई देखे मुड़ कर देखे
और करे महसूस
किसी के पदचाप
किसी की उपस्थिति
किसी का अपनापन
और साथ चलने की ललक
ज़िन्दगी उसी समय
भर उठती है गर्मजोशी से
अचानक ... अनायास ...।
- डॉ. शरद सिंह

#SharadSingh #Poetry #MyPoetry #World_Of_Emotions_By_Sharad_Singh
#ख़यालों #प्याले #मीठी_चुस्कियां #पदचाप #उपस्थिति #अपनापन #ज़िन्दगी #गर्मजोशी #अचानक #अनायास

20 December, 2017

उड़ना चाहती हूं ... डॉ शरद सिंह

Poetry of Dr (Miss) Sharad Singh
उड़ना चाहती हूं 
-------------- 
उड़ना चाहती हूं 
एक पंछी की तरह 
ख़्वाबों के पंख लगा कर 
उन्मुक्त आकाश में, 
लाना चाहती हूं 
ऐसी धूप 
ऐसी हवा 
ऐसी बारिश 
ऐसा चांद 
ऐसे तारे 
ऐसा सूरज 
जो बदल दे क़िस्मत 
सिसकती औरतों की 
और वे भी भरे परवाज़ 
खुले आकाश में 
खुशियां बन कर।
- डॉ शरद सिंह
#SharadSingh #Poetry #MyPoetry #World_Of_Emotions_By_Sharad_Singh

08 December, 2017

जाड़ा और जंगल ... डॉ शरद सिंह

Winter ... Poetry of Dr Miss Sharad Singh
जाड़ा और जंगल
-----------------
जाड़े की
गुनगुनी धूप में नहाए
जंगल में घूमते हुए
खुद में ही खुद को
ढूंढते हुए
लगता है अच्छा
कभी-कभी यूं ही
जंगल के फूलों से मिलना
यादों की अकुलाहट छोड़ कर
डालियां पकड़ने को
बचपन-सा कूदना, उछलना
भोर से परे, शोर से परे
अलसाए ताप के छोर से परे
देते हैं एक नई ऊर्जा
जाड़ा और जंगल
चाह की हथेली में
कोई ज्यों
लिख जाए शुभ, मंगल।
- डॉ शरद सिंह


#SharadSingh #Poetry #MyPoetry #World_Of_Emotions_By_Sharad_Singh
#जाड़ा #जंगल #यादों #अकुलाहट #फूलों #अलसाए #डालियां #बचपन #कूदना #उछलना #ऊर्जा #चाह  #हथेली #शुभ #मंगल #शरदसिंह #कविता

28 November, 2017

जाड़े में सुकून के पल ... डॉ शरद सिंह

Winter ... Poetry of Dr Miss Sharad Singh
जाड़े में सुकून के पल
---------------------
जाड़े में
सुकून के दो पल
रजाई, कम्बल या
शॉल में लिपटे हुए
हरगिज़ नहीं होते,
नहीं होते हैं मेरे लिए
वे दो पल
अलाव तापने वाले
या फिर
मोबाईल फोन पर बतियाते
कानों को गरमाने वाले,

एक कप चाय
और एक किताब के साथ
दुबके हुए दो पल
वही तो हैं सबसे सुकून के
मेरे लिए।
- डॉ शरद सिंह


#SharadSingh #Poetry #MyPoetry #World_Of_Emotions_By_Sharad_Singh
#जाड़े #सुकून #दोपल #रजाई #कम्बल #शॉल #लिपटेहुए #हरगिज़ #अलाव #तापने #मोबाईलफोन #बतियाते #कानों  #गरमाने #एक_कप_चाय #किताब #दुबके #मेरेलिए

27 November, 2017

स्वप्न की रजाई ... डॉ शरद सिंह

Winter ... Poetry of Dr Miss Sharad Singh
स्वप्न की रजाई
----------------
जाड़े की रात ने
सांकल खटकाई
शीत भी दरारों से
सरक चली आई
पक्के मकानों में
उपले, न गोरसी
हीटर के तारों से
लाल तपन बरसी
नींद मगर चाहे
स्वप्न की रजाई
और
कम्बल के धागों में
प्रीत की कताई।
- डॉ शरद सिंह


#जाड़े_की_रात #सांकल #शीत #दरारों #मकानों #उपले #गोरसी #हीटर #लाल #तपन #स्वप्न #रजाई #कम्बल #धागों #प्रीत #कताई

21 November, 2017

जाड़े का दिन .... डॉ शरद सिंह

Winter ... Poetry of Dr (Miss) Sharad Singh

जाड़े का दिन
-------------

जाड़े की धूप
और
झुरमुट-सा दिन
कुछ उदास
कुछ ठंडा
कुछ भीगा
आम के बागीचे में
कोहरे-सा
गेहूं के खेत में
धुंधलके-सा
भीत टंगे, धूल अटे
दर्पण-सा
लगता है कभी-कभी
मुट्ठी में बंद
कर्जे के
कुछ रुपयों जैसा।

14 November, 2017

लावा .... डॉ शरद सिंह

Poetry of Dr (Miss) Sharad Singh

लावा
-------
सीने में
धैर्य की टेक्टोनिक प्लेट्स
टकरा रही हैं आपस में

दरकने को आतुर है
धरती होंठों की
अनुभवों के
मोटे क्रस्ट के नीचे
उबल रहा है लावा
इन दिनों
गोया मुझमें मौजूद है
एक धरती
जिसे हो चला है
असहनीय
तुम्हारा भीतरघात-सा
अपर्यावर्णीय आचरण।
- डॉ शरद सिंह

#SharadSingh #Poetry #MyPoetry #World_Of_Emotions_By_Sharad_Singh
#मेरीकविताए_शरदसिंह
#सीनेमें #धैर्य #टेक्टोनिक_प्लेट्स #दरकने #आतुर #होंठों #अनुभवों #क्रस्ट #लावा #इनदिनों #धरती
#असहनीय #तुम्हारा #भीतरघात #अपर्यावर्णीय #आचरण।

07 November, 2017

मन एक पंछी .... डॉ शरद सिंह

Poetry of Dr (Miss) Sharad Singh

मन एक पंछी
-------
मन
एक पंछी ही तो है
डोलता है, फुदकता है
हो जाता है उदास
सूखी डालियों पर
और खिल उठता है
किसी फूल की तरह
हरी पत्तियों के बीच
मन का मधुर स्वर
मन ही सुनता है
क्यों कि मन
वह पंछी नहीं
जो दिखे सबको, रिझाए सबको, मोहे सबको
मन एक पंछी है
निरा व्यक्तिगत
नितान्त अपना
किसी गोपन की तरह।
- डॉ शरद सिंह


#SharadSingh #Poetry #MyPoetry #World_Of_Emotions_By_Sharad_Singh
#मेरीकविताए_शरदसिंह
#मन #पंछी #व्यक्तिगत #गोपन #डालियों #मधुर #पत्तियों