11 November, 2020

दिए बनकर जलेंगे | दीपावली गीत | डॉ (सुश्री) शरदसिंह

गीत
दिए बनकर जलेंगे
                   - डॉ (सुश्री) शरदसिंह

घोर तम में भी न हम गुम हो सकेंगे ।
हम दिवाली के दिए  बनकर जलेंगे ।

हो भले ही छल का जल खारा बहुत 
या,  हो  गहरी  स्वार्थ की धारा बहुत 
आस्था   के   सीप  का  मोती  बनेंगे 
हम दिवाली के  दिए  बनकर जलेंगे ।

दर्द का  इतिहास  ही  काफी नहीं है 
प्यार का  आभास  ही काफी नहीं है 
सत्य की, विश्वास की कविता लिखेंगे 
हम दिवाली  के दिए  बनकर जलेंगे ।

ये  अमावस  भी   ढलेगी,  भोर  होगी 
सूर्य की किरणों की जगमग डोर होगी 
चेतना  में   ज्योति  का  चंदन   मलेंगे 
हम दिवाली का दिया बनकर जलेंगे ।

श्रम न ठिठकेगा, न  हारेगा  कहीं भी 
मन प्रलोभन से न बहकेगा  कहीं भी 
संकल्प के पथ से  न अपने पग हटेंगे 
हम  दिवाली  के दिए  बनकर जलेंगे ।
                -------------
#शरदसिंह  #DrSharadSingh #miss_sharad #दीपावली #Deepawali
#Dipawali #HappyDiwali

07 November, 2020

'शरद' ने पूछ लिया आज | ग़ज़ल | डॉ. (सुश्री) शरद सिंह

ग़ज़ल
'शरद' ने पूछ लिया आज...
- डॉ. (सुश्री) शरद सिंह

कभी मिला, न गुमा, उसको  ढूंढते क्यों हो ।
खुद अपने आप से, बेवज़ह जूझते क्यों हो ।

ले जा के छोड़ दे यादों के एक जंगल में 
उस एक राह पे हरदम ही घूमते क्यों हो ।

ना आएगा वो मनाने किसी भी हालत में 
ये जान कर भी हमेशा यूं रूठते क्यों हो ।

वो पंछियों के भरोसे, क्या भाग बांचेगा 
जिसे पता ही नहीं उससे पूछते क्यों हो ।

'शरद' ने पूछ लिया आज अपने ख़्वाबों से 
ज़रा सी  बात  पे हर  बार  टूटते क्यों हो ।
          ------------------------

मित्रो, मेरी यह ग़ज़ल आज 'युवाप्रवर्तक' में प्रकाशित हुई है। इसे आप युवाप्रवर्तक के इस लिंक पर भी पढ़ सकते हैं -

03 November, 2020

स्त्रीपाठ - 5 | स्त्री प्रकृति | डॉ (सुश्री) शरद सिंह | कविता

 

Stri Paath - 5 - Stri Prakriti - Poetry of Dr (Miss) Sharad Singh


स्त्रीपाठ - 5


स्त्री प्रकृति
- डॉ (सुश्री) शरद सिंह

वृक्ष
जितना ऊपर दिखाई देता है
उतना ही होता है
भूमि में, भीतर

जितनी शाखाएं
उतनी जड़ें
जितने पत्ते
उतनी उपजड़ें
तभी तो थामें रहता है
दृढ़ता से
अपने समूचे आकार को
जो आकार नहीं
उसका परिवार है वस्तुतः

स्त्री भी तो आकार नहीं
परिवार है
चाहे विवाहित हो या अविवाहित
समर्पित अपनों के लिए
दृढ़ता से
ठीक वृक्ष की तरह

वृक्ष और स्त्री
दो पहलू हैं
एक ही प्रकृति के
बिना किसी लिंगभेद के।

----------------------
#शरदसिंह #डॉशरदसिंह #कविता #हिंदीकविता #स्त्री #स्त्रीत्व #डॉसुश्रीशरदसिंहकीकविताएं
#स्त्रीपाठ #poetry #poetrylovers #poetrycommunity #hindipoetry
#poetriesofdrmisssharadsingh
#StriPaath

26 October, 2020

विजयादशमी की हार्दिक शुभकामनाएं | डॉ शरद सिंह


अधर्म पर धर्म का,  असत्य  पर सत्य का 
विजयादशमी पर्व है, साहसों के तथ्य का
- डॉ शरद सिंह

‘विजयादशमी’ का पर्व आपके जीवन में सुख, शांति और समृद्धि लाए।

विजयादशमी की हार्दिक शुभकामनाएं !!!

22 October, 2020

स्त्रीपाठ - 4 | वह स्त्री है | डाॅ. (सुश्री) शरद सिंह | कविता

 

Vah Stri - Poetry of Dr (Miss) Sharad Singh

स्त्रीपाठ - 4


वह स्त्री है

- डाॅ. (सुश्री) शरद सिंह


वह 

ऊष्मा है

ऊर्जा है

उमंग है

उत्साह है


वह 

लय है

लोरी है

तरंग है

त्वरित है


वह

साकार है

सहज है

प्रकृति है

पृथ्वी है


क्योंकि वह स्त्री है।

-------


21 October, 2020

स्त्रीपाठ -3 | स्त्री हो कर | डॉ (सुश्री) शरद सिंह | कविता

स्त्रीपाठ -3
स्त्री हो कर
- डॉ (सुश्री) शरद सिंह

वह गुड़िया
वह निर्भया
शब्द मासूम और बहादुर
किसी लॉलीपॉप की तरह

वह तो जूझ रही है हर दिन
घर और बाहर फैले
कामपिपासुओं के जंगल-राज से

उसे दे सकते हो तो दो
एक सुरक्षित समाज
जहां वह ले सके
एक निश्चिंत सांस
स्त्री हो कर।
----------------

#शरदसिंह #डॉशरदसिंह #कविता #हिंदीकविता #स्त्री #स्त्रीत्व #डॉसुश्रीशरदसिंहकीकविताएं
#स्त्रीपाठ #poetry #poetrylovers #poetrycommunity #hindipoetry
#poetriesofdrmisssharadsingh
#StriPaath

19 October, 2020

स्त्रीपाठ - 2 | स्त्री से | डॉ (सुश्री) शरद सिंह | कविता


स्त्री से

- डॉ (सुश्री) शरद सिंह

वह जल की तरह
ढल जाती है उस आकार में
जो तुम देते हो-
पाषाण-अहिल्या
परितक्त्या-गर्भवती-सीता
पंचपति-द्रौपदी
उर्वशी या रंभा

देवताओं और मनुष्य के हाथों
छले जाने, शापित होने पर भी
जल की भांति बने रहना
कोई सीखे
स्त्री से।
-----------------

#शरदसिंह #डॉशरदसिंह #कविता #हिंदीकविता #स्त्री #स्त्रीत्व #डॉसुश्रीशरदसिंहकीकविताएं
#स्त्रीपाठ #poetry #poetrylovers #poetrycommunity #hindipoetry
#poetriesofdrmisssharadsingh
#StriPaath