Showing posts with label सूखे हुए फूल के साथ. Show all posts
Showing posts with label सूखे हुए फूल के साथ. Show all posts

02 July, 2021

सूखे हुए फूल के साथ | कविता | डॉ शरद सिंह

सूखे हुए फूल के साथ
    - डॉ शरद सिंह

पुस्तक के पीले पन्नों की
क़ब्र में सोए हुए 
फूल को 
बहा कर नदी में
कर दूंगी
तर्पण,
कर दूंगी मुक्त
अपने अतीत के
सुनहरे सपनों को

सोचा तो कई बार
कर न सकी

खोलते ही पुस्तक -
वह चपटाया फूल
आज भी
खिल उठता है
लगता है महकने
करने लगता है बातें
चूम लेता है उंगलियां
घबरा कर खींच लेती हूं हाथ
छूट जाता है फूल
जहां के तहां

टूटते ही दिवास्वप्न
लौटती हूं वर्तमान में

गोया
थार के मरुथल में
रेत के टिब्बे
लेने लगते हैं करवट
चलने लगती हैं 
तपती हवाएं
झुलसने लगती है देह
बारिश में भी
धधकती हैं लपटें

कितना मुश्क़िल है
अतीत से बचाना
वर्तमान को
और तय करना
भविष्य की 
अज्ञात यात्रा
किसी सूखे हुए
फूल के साथ।
   -----------
#शरदसिंह #डॉशरदसिंह #डॉसुश्रीशरदसिंह
#SharadSingh #Poetry #poetrylovers
#World_Of_Emotions_By_Sharad_Singh #HindiPoetry