- डॉ शरद सिंह
एक बुद्धिजीवी ने प्रश्न उछाला-
"आखिर कब तक चलेगा
यह असंवेदनशील असंवैधानिक दौर ?
व्यवस्था फेल होकर नियति और प्रारब्ध के रामभरोसे
बेबस लाचारी का फायदा उठाते लोग..."
प्रश्न गंभीर था
इन दिनों गंभीर प्रश्नों पर ही तो
जी रहे हैं हम सभी
जिनके उत्तर
छटपटा रहे हैं
आईसीयू में
हाईफ्लो ऑक्सीजन पर
जिनके उत्तर
बाट जोहते हैं
असली रेमडेसिविर इंजेक्शन का
जिनके उत्तर
वेंटिलेटर तक भी नहीं पहुंच पाते हैं
जिनके उत्तर
तीन पर्तों में लपेट कर
सौंप दिए जाते हैं अग्नि को
निरर्थक हैं ऐसे सारे प्रश्न तब तक
जब तक
हम में सामूहिक हौसला नहीं जागता
उत्तरों को
आईसीयू से
जीवित बचा लाने का,
निरर्थक हैं सारे प्रश्न।
--------------
#शरदसिंह #डॉशरदसिंह #डॉसुश्रीशरदसिंह
#SharadSingh #Poetry #poetrylovers
#World_Of_Emotions_By_Sharad_Singh